झांसी। नवरात्र शुरू होने से पहले ही महंगाई में काफी उछाल देखा जा रहा है। एक माह के भीतर ही खाद्य सामग्री के साथ सब्जियों के दाम बीस से तीस फीसदी तक बढ़ गए हैं। वहीं नवरात्र में व्रत में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की भी कीमतें काफी बढ़ गईं हैं।
सात अक्तूबर से नवरात्र के पर्व की शुरूआत होगी। इस दिन नौ दिनों तक श्रद्धालुओं द्वारा उपवास रखा जाएगा। इन नौ दिनों में व्रत रखने वाले सिर्फ फलाहार को महत्व देते हैं। लेकिन फलों के दाम भी अचानक बढ़ गए हैं।
महंगाई ने तो जीना मुहाल कर दिया है। अब उपवास सामग्री भी महंगी हो गई है। ऐसे में श्रद्धालुओं को आर्थिक परेशानी के दौर से गुजरना पडे़गा।
रितु पुरवार, गृहणी
कुछ ही दिनों में नवरात्र शुरू हो जाएगा। देवी की आराधना के लिए व्रत रखेंगे। लगातार बढ़ रही महंगाई ने तो लोगों को परेशानी में डाल दिया है।
साधना अग्रवाल, गृहणी
खाद्य सामग्री हो या सब्जियां सभी के दाम बढ़ते-बढ़ते सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। जिसका सीधा असर घर की रसोई पर पड़ रहा है।
दीपाली अग्रवाल, गृहणी
त्योहार के नजदीक आते ही कीमतों में उछाल हो गया है। जिसका सबसे अधिक असर आम आदमी पर पड़ रहा है। महंगाई पर नियंत्रण आवश्यक है।
पूनम, गृहणी
सामग्री एक माह पहले (प्रति किलोग्राम में) अब
आटा सिंघाड़ा 200 280
कुट्टू का आटा काला 150 200
कुट्टू का आटा सफेद 140 200
साबूदाना 80 100
सेंधा नमक 20 35
लौकी 15 35
गोभी 60 80
भिंडी 30 60
बैंगन 30 50
तोरई 30 60
दालें भी हुईं महंगी
दाल अरहर 90 110
दाल मसूर 80 110
दाल खड़ी मसूर 70 90
दाल उड़द 90 120