संवाद न्यूज एजेंसी
मड़ावरा। मड़ावरा में स्व. भगुनसिंह एवं शेरसिंह लंबरदार की स्मृति में यादगार क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित 14वें क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ सोमवार को हुआ। उद्घाटन मैच में सागर की टीम ने पिपरट को 57 रनों से हराकर बड़ी जीत हासिल की।
क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ राधे क्लब के प्रबंधक दिनेश नारायण सोनी ने किया। टॉस जीतकर सागर ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम के सलामी बल्लेबाज मोनू ने नाबाद रहते हुए आठ चौके और 09 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 105 रन बनाकर टूर्नामेंट का पहला शतक लगाया। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। पिपरट टीम के गेंदबाज धर्मेंद्र ने तीन और सतीश यादव ने दो विकेट लिए। सोलह ओवर की पारी में सागर के बल्लेबाजों ने छह विकेट खोकर 206 रनों का बड़ा लक्ष्य पिपरट टीम के सामने रख दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पिपरट टीम के बल्लेबाज भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके और 16 ओवर में मात्र 149 रन बनाकर पूरी टीम बिखर गई। सलामी बल्लेबाज गजेंद्र ने संघर्ष किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। शुभारंभ के दौरान दिनेश नारायण सोनी, प्रकाश जैन, हिमांशु राजा, कुंजन सिंह, जोधन सिंह, अंपायर जितेंद्र विश्वकर्मा, इंद्रपाल सिंह, स्कोरर करनसिंह पटेल, कमेंट्रेटर अनुराग जैन, रवि राजा समेत टूर्नामेंट समिति अध्यक्ष निहालसिंह, रोशन सिंह, संजय सिंह आयोजन समिति सदस्य देवेंद्र सिंह, राजू सिंह, चंद्रभान सिंह आदि मौजूद रहे।