संवाद न्यूज एजेंसी
बालाबेहट/ललितपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद के सहरिया बाहुल्य गांवों व मजरों में अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जन चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने विकासखंड बिरधा की ग्राम पंचायत बालाबेहट के सहारिया बाहुल्य मजरा क्वाटरन में जन चौपाल लगाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार जनपद के पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे कराकर छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन किया जा रहा है। चिह्नित लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है, जिससे वे विकास की मुख्य धारा से जुड़ सकें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए लगातार भ्रमणशील रहकर ग्रामीणों से संपर्क करें और गावों में कैंप लगाकर गरीब, निर्धन व्यक्तियों को इन योजनाओं का लाभ दिलायें। चौपाल में कुछ ग्रामीणों ने मूलभूत सुविधाओं की कमी बताई और गांव में विकास कार्यों की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने आवास, खाद्यांन, शौचालय, विद्युत, जॉबकार्ड, श्रमिक पंजीयन व गैस कनेक्शन आदि से संबंधित अधिकारियों को गांव में कैंप लगाकर प्राथमिकता के आधार पर पात्र लाभार्थियों को लाभांवित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चौपाल में ही ग्रामीणों से जीरो पॉवर्टी सर्वे रिपेार्ट का मौखिक सत्यापन कराते हुए, लाभार्थियों के नाम पढ़कर सुनाए, जिस पर ग्रामीणों ने सहमति जताई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक, मुख्य विकास अधिकारी कमलाकांत पांडेय, डीएफओ गौतम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ इंतियाज अहमद, उपजिलाधिकारी पाली सैयद सानिया सोनम एजाज, जल निगम अवनीश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन मिश्रा सहित आवास, महिला बाल विकास, पूर्ति आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।