झांसी। कोरोना संक्रमण के दौर में सैनिटाइजेशन के लिए नगर निगम पहल करने जा रहा है। महानगर के वार्डों में हैंड सैनिटाइजर मशीनें लगवाई जाएंगीं। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही नगर निगम कार्यालय में हैंड सैनिटाइजर मशीनें लगवाई गई हैं।
दरअसल, कोरोना के दौर में सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया तेजी से बढ़ी है। सैनिटाइजेशन के लिए लगातार सरकार पहल कर रही है। हाथों को सैनिटाइज करने के लिए नगर निगम अब वार्डों और सार्वजनिक स्थानों पर हैंड सैनिटाइजर मशीन लगवाई जाएंगीं। इन मशीनों की खासियत यह है कि मशीन को छूने की जरुरत नहीं होगी। सेंसर से लैस मशीन के नीचे हाथ लगाते ही सैनिटाइजेशन हो जाएगा। इसके लिए 80 मशीनों को खरीदा जा रहा है। मशीनों की खरीद के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं नगर निगम कार्यालय में कई जगहों पर मशीनें लगवा दी गई हैं। अपर नगर आयुक्त शादाब असलम ने बताया कि वार्डों में हैंड सैनिटाइजर मशीनें लगवाई जाएंगीं। इसके लिए पार्षद जगह चिह्नित करेंगे। इसके बाद लोग आसानी से हाथों को सैनिटाइज कर सकेंगे। इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।