झांसी। दुर्बल एवं कम आय वर्ग परिवारों के 876 बच्चों का चयन प्राइवेट स्कूल में निशुल्क प्रवेश के लिए हुआ है। इन्हें स्कूल खुलने पर प्रवेश मिलेगा। इनकी मासिक फीस शासन द्वारा भेजी जाएगी। जो कम से कम 450 रुपये है।
बाल शिक्षा अधिकार के अधिनियम के अंतर्गत प्राइवेट स्कूलों में जरूरत मंद परिवारों के बच्चों को नि:शुल्क प्रवेश दिलाया जाता है। इसके लिए हर साल आवेदन मांगे जाते है। इस साल लॉकडाउन के कारण आवेदन एवं प्रवेश प्रक्रिया काफी प्रभावित हुई। हालांकि प्रथम चरण में 1638 आवेदन बेसिक शिक्षा विभाग को आए थे। जबकि दूसरे चरण के आवेदन की प्रक्रिया 10 जून से शुरू हो गई है। विभाग के अनुसार बीते सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में बच्चों का चयन प्रवेश के लिए लाटरी प्रक्रिया हुई। प्रवेश पत्र बच्चों के अभिभावकों को दिये जाएंगे। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि चयनित बच्चों की सूची चस्पा की जाएगी और इसे विभाग की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है।