झांसी। यूपी बोर्ड की अर्धवाषिक परीक्षाएं चल रही हैं। इस बार हाई स्कूल परीक्षा में बोर्ड के नियमानुसार ग्रेडिंग की व्यवस्था अर्धवार्षिक परीक्षा में भी की जाएगी। इंटरमीडिएट की अर्धवार्षिक परीक्षा के रिजल्ट में ग्रेडिंग और अंकपत्र दोनों तैयार किए जाएंगे।
यूपी बोर्ड द्वारा आयोजित की गई हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की अर्धवार्षिक परीक्षा में मूल्यांकन के बाद अंक दिए जाने की व्यवस्था थी। बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में हाईस्कूल में ग्रेडिंग की व्यवस्था कर दी गई है लेकिन इंटरमीडिएट की परीक्षा में अंक और श्रेणी की व्यवस्था है। कोरोना काल में बोर्ड की परीक्षाएं अवरुद्ध हुईं तो बोर्ड प्रशासन ने वर्ष 2020 की परीक्षा में सभी बच्चों को पिछले कक्षा को आधार बनाकर उत्तीर्ण कर दिया। वर्ष 2021 में बोर्ड परीक्षा होनी थी लेकिन कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के चलते परीक्षाएं अधर में रह गईं और बोर्ड प्रशासन को इस वर्ष भी बच्चों को उत्तीर्ण करना पड़ा। अब वर्ष 2022 की परीक्षा के लिए बोर्ड अर्धवार्षिक परीक्षाओं में ग्रेडिंग और अंक दोनों की व्यवस्था किए हुए है। हाईस्कूल की परीक्षा में ग्रेडिंग से अर्धवार्षिक परीक्षा का रिजल्ट और इंटरमीडिएट के लिए ग्रेडिंग और अंकपत्र दोनों की व्यवस्था बोर्ड को भेजी जाएगी। डीआईओएस कोमल यादव ने बताया कि यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए बोर्ड प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों के तहत रिजल्ट तैयार किए जाएंगे।