झांसी। 2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कमर कस ली है। चुनाव से छह महीने पहले झांसी-ललितपुर समेत बुंदेलखंड के लिए विधानसभा प्रभारी बना दिए हैं। इनका काम विधानसभा में पार्टी के कार्यक्रमों का संयोजक और नीतियों, योजनाओं की निगरानी करना होगा।
भाजपा झांसी की सदर विधानसभा सीट पर पूर्व विधानसभा संयोजक डॉ. नवाब सिंह जादौन को प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा गरौठा विधानसभा का प्रभार पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष सोनी को दिया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश कुमार लोधी को बबीना और राष्ट्रीय महासंपर्क अभियान के क्षेत्रीय सह संयोजक भगवती शरण शुक्ला को मऊरानीपुर विधानसभा प्रभारी बनाया गया है। जबकि, राज्य महिला आयोग की सदस्य कंचन जायसवाल को ललितपुर, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री चंद्रभान राय को महरौनी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। विधानसभा प्रभारियों का काम कार्यक्रमों का संयोजन करने होगा। इसके अलावा सरकारी नीतियों का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी समीक्षा करेंगे। रैलियों के संयोजन का भी जिम्मा इन पर होगा।