गुरसराय के मोहल्ला कटरा बाजार में हुई नाबालिग की हत्या उसके पिता ने ही की थी। पिता ने अजय देवगन की फिल्म दृृश्यम देख सुबूत मिटाने के टिप्स लिए थे। आरोपी पिता चार दिन तक पुलिस को घुमाता रहा।
बुधवार को गुरसराय के मोहल्ला कटरा बाजार निवासी बीड़ी कारोबारी अमित कुमार शुक्ला की पुत्री खुशी शुक्ला (12) की लाश घर में पड़ी पाई गई थी। पिता ने हत्या का आरोप लगाया था। पिता ने पुलिस को बताया था कि घर में पुत्री अकेली थी, इसी दरम्यान कोई घटना को अंजाम दे गया। लेकिन, पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि पुत्री की हत्या उसके पिता ने ही की थी। घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी शिवहरि मीणा ने बताया कि आरोपी पिता ने सुबूत छुपाने की तमाम कोशिशें कीं। घटना को अंजाम देने से पहले कई बार आरोपी ने दृश्यम फिल्म देखी, जिससे सुबूत साफ करने के टिप्स लिए। उन्होंने बताया कि खुशी को लेकर उसके पिता और सौतेली मां आकांक्षा शुक्ला के बीच आए दिन झगड़ा होता था। कुछ दिन पहले उसकी मां मायके चली गई थी। उसने साफ कह दिया था कि खुशी के घर में रहते हुए वो लौटेगी नहीं। इस पर पिता ने बेटी की हत्या कर दी। उसे बेरहमी से मौत के घाट उतारा गया। गला घोंटा गया और मारपीट की गई। पोस्टमार्टम में मृतका की पसलियां टूटी पाई गईं हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।