झांसी। प्रयागराज बोर्ड ने वर्ष 2021 के परीक्षा कार्यक्रम के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के परीक्षा फार्म 16 अगस्त तक और विलंब शुल्क के साथ यह फार्म 20 अगस्त तक भरे जाएंगे। विद्यार्थियों के विवरण में कोई कमी न आए। ऐसे में कक्षा अध्यापक, प्रधानाचार्य एवं अभिभावक के हस्ताक्षर भी होंगे।
माध्यमिक कालेजों के विद्यार्थियों की इन दिनों ऑनलाइन पढ़ाई करायी जा रही है। नए शैक्षिक सत्र में आगामी कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया भी चल रही है। इसी क्रम में बोर्ड ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के ऑनलाइन परीक्षा फार्म भरने के निर्देश दिए हैं। कक्षा दस एवं 12 में प्रवेश लेने के लिए व फीस जमा करने की अंतिम तिथि पांच अगस्त कर दी है। बोर्ड के निर्देशानुसार प्रधानाचार्य विद्यार्थियों से परीक्षा शुल्क एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा कराएंगे। परीक्षा शुल्क सहित अन्य विवरण 16 अगस्त को बोर्ड की बेवसाइट पर अपलोड होगा। विभागीय जानकारी के अनुसार प्रधानाचार्य 10 अगस्त के बाद प्रति विद्यार्थी सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ जमा करेंगे।
अतिथि विषय विशेषज्ञों को दिया जाए मानदेय
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला इकाई ने जिला विद्यालय निरीक्षक को ज्ञापन दिया। इसमें मांग की गई कि लॉकडाउन की अवधि का अतिथि विषय विशेषज्ञों को मानदेय दिया जाए। साथ ही, नवीन सत्र में कार्यवाहक प्रधानाचार्यों के हस्ताक्षर भी प्रमाणित किए जाएं। इस अवसर पर मंडलीय अध्यक्ष नरेंद्र पस्तोर, महामंत्री मिलन किशोर गुप्ता, जिला मंत्री दिनेश प्रधान, राजेंद्र पटसारिया आदि मौजूद रहे।