झांसी। ईद उल फितर का त्योहार मंगलवार को मनाया जाएगा। इस अवसर पर ईदगाह व मस्जिदों में नमाज अदा की जाएगी। सोमवार को महानगर में दिन भर त्योहार की रौनक छाई रही। देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा। खान-पान सामग्री और कपड़ों की जमकर खरीदारी हुई। हर कोई उत्साहित नजर आया।
रविवार को चांद का दीदार न होने के बाद तय हो गया था कि ईद मंगलवार को मनाई जाएगी। मुस्लिमों का सोमवार का पूरा दिन त्योहार की तैयारियों में बीता। बच्चे-बड़े सभी पर्व को लेकर उत्साहित नजर आए। सोमवार को रमजान के तीस रोजे पूरे होने पर मुस्लिमों ने मगरिब की नमाज अदा की। इसके साथ ही शुरू हो गया ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला। साथ ही बाजार भी गुलजार हो उठे। खासतौर पर पुराने शहर व प्रेमनगर क्षेत्र में खासी रौनक देखने को मिली। ईद पर दस्तरखान सजाने के लिए लोगों ने खान-पान सामग्री की जमकर खरीदारी की। कपड़े, जूते-चप्पल, टोपियां समेत महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन सामग्री की जमकर बिक्री हुई। देर रात तक दुकानों में लोगों का आवागमन जारी रहा।
पठौरिया स्थित बड़े ईदगाह पर ईद की नमाज सुबह पौने आठ बजे अदा की जाएगी। नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। सोमवार को नगर निगम के अमले ने ईदगाह व मस्जिदों की ओर जाने वाली सड़कों व आसपास के इलाकों की सफाई की।