झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षकों का प्रमोशन होने जा रहा है। कॉलेज में आठ एसोसिएट प्रोफेसर आचार्यऔर 13 असिस्टेंट प्रोफेसर सह आचार्य के पद पर प्रोन्नत हो जाएंगे। कॉलेज प्रशासन ने प्रमोशन सूची शासन को भेज दी है। जल्द ही शासन इस पर मुहर लगा देगा। ऐसे में एमएस/एमडी की 30 सीटें तक बढ़ सकती हैं।
कोरोना के चलते मेडिकल कॉलेज में 2019 से चिकित्सा शिक्षकों (डॉक्टर) के प्रमोशन लटके हुए हैं। वहीं, कई डॉक्टरों का तबादला दूसरे जनपदों में हो जाने से विभागों में चिकित्सा शिक्षकों की कमी हो गई है। इसका असर सीटों की मान्यता पर पड़ा। हाल ही में नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) ने मेडिकल कॉलेज में ईएनटी, गायनी और आई विभाग में एमएस की एक-एक सीटों की मान्यता निरस्त कर दी। कुछ विभागों में फैकल्टी की कमी की वजह से ऐसा हुआ है। इससे पहले सर्जरी विभाग की 12 में से छह सीटों पर मान्यता निरस्त की जा चुकी है। अब मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षकों के प्रमोशन होने जा रहे हैं।
ये हैं सीटें बढ़ने का गणित
मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. अंशुल जैन ने बताया कि एसोसिएट प्रोफेसर एक पद के सापेक्ष कम से कम पीजी की दो सीटें बढ़ती हैं। जबकि, प्रोफेसर पद के सापेक्ष तीन सीटें बढ़ती हैं। एक यूनिट पर अधिकतम पांच पीजी (एमडी-एमएस) सीट मिल सकती हैं। इस हिसाब से 13 एसोसिएट बनने पर 26 और सह आचार्य के आठ प्रोफेसर बनने पर एक-एक सीट और बढ़ सकती है। कुछ ऐसे विभाग होंगे, जिसमें पहले से पांच सीटें हैं। इस हिसाब से लगभग 30 पीजी की सीटें बढ़ जाएंगे।
किस विभाग में कितने प्रोन्नत होंगे
सर्जरी विभाग में तीन और ऑर्थोपेडिक, टीबी एंड चेस्ट, पीडियाट्रिक, पैथोलॉजी, ऑप्थेल्मोलॉजी विभाग में एक-एक चिकित्सा शिक्षक प्रोफेसर पद पर प्रोन्नत होंगे। जबकि, सर्जरी में तीन, मेडिसिन में दो और एनाटॉमी, बायोकेमिस्ट्री, फोरेंसिक साइंस, माइक्रोबायोलॉजी, गायनी, पीडियाट्रिक्स, एनेस्थीसिया, स्किन विभाग में एक-एक डॉक्टर का एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर प्रमोशन होगा।
आठ प्रोफेसर और 13 एसोसिएट प्रोफेसर पद पर चिकित्सा शिक्षकों को प्रोन्नत किए जाने के लिए शासन को फाइल भेज दी गई है। वहां से जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है। - डॉ. एनएस सेंगर, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज।