झांसी। शनिवार को जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में जमकर वोट पड़े। कचहरी परिसर में सुबह नौ बजे से शुरू हुए मतदान के लिए अधिवक्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में अधिवक्ताओं का जमघट लगा रहा। प्रत्याशी व उनके समर्थक वोटरों को रिझाने में लगे रहे। इस दौरान 1,754 मतदाताओं में से 1,559 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शाम पांच बजे मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेटियों को सील कर लाइब्रेरी भवन में सुरक्षित रखवा दिया है। वहीं, आज मतगणना होगी।
शनिवार की सुबह नौ बजे जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव प्रकाशन, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी व कनिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश प्रयागराज के कोे-चेयरमैन प्रदीप सिंह, एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष जयदेव झांब, सहायक निर्वाचन अधिकारी राघव किशोर तिवारी की देखरेख में मतदान शुरू हुआ।
सुबह से ही अधिवक्ताओं में उत्साह नजर आया। करीब एक बजे तक पांच सौ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्र्रयोग कर चुके थेे। इसके बाद मतदान की रफ्तार और तेज हो गई। शाम बजे तक 1,754 मेें से 1,559 अधिवक्ताओं ने अपने मत प्रयोग किया। कतार में लगकर अधिवक्ताओं ने 17 बूथों पर वोट डाले। वोटिंग के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस बल तैनात रहा। सीओ सिटी जितेंद्र सिंह परिहार निरीक्षण कर जायजा लेते रहे।
शाम पांच बजे के बाद मतदान शांतिपूर्र्वक संपन्न होने के बाद कड़ी सुुरक्षा में मतपेटियोें को सील कर लाइब्रेरी भवन में रखवा दिया गया है। यहां भी पुलिस बल तैनात कर दी गई है। इस मौके पर एडवोकेट रामशरण निगम, एडवोकेट प्रकाश नाथ द्विवेदी, एडवोकेट रघुवीर शरण बाजपेयी, सुधीर सक्सेना, प्रतीक चौरसिया, विनय त्रिपाठी, साकेत गुप्ता, रंगनाथ मिश्रा, नरेंद्र अग्रवाल, अवधेश रिछारिया, रवीश मोहम्मद, द्रगनारायण दुबे आदि मौजूद रहे।
वहीं, मतगणना रविवार की सुबह नौ बजे शुरू होगी। चुनाव की स्थिति शाम तक साफ हो पाएगी।
रात भर मेें जुटाईं व्यवस्थाएं
चुनाव से एक दिन पहले एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष बदल दिए गए थे। इससे कमेटी के सामने जिम्मेदारियां भी बढ़ गई थीं। चुनाव से एक दिन पहले शुक्रवार की रात अध्यक्ष जयदेव झांब व सहायक निर्वाचन अधिकारी राघव किशोर तिवारी अपनी टीम के साथ पूरी रात चुनावी तैयारियों को पूरी कराने में जुटे रहे।