झांसी। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने मंगलवार को लखनऊ में प्रोजेक्ट मॉनीटरिंग ग्रुप की बैठक में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की गई। इस मौके पर मुख्य सचिव ने डिफेंस कॉरिडोर के निवेशकों से संपर्क में रहने के अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी एक्सप्रेस वे का निर्माण निर्धारित टाइमलाइन के अनुसार पूरा करने के निर्देश दिये। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के निर्माण की प्रगति पर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर में निवेश के लिए एमओयू साइन करने वाले निवेशकों से नियमित संपर्क और संवाद बनाये रखने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का करीब 46 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसका काम 30 सितंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाएगा। डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 16 कंपनियों को भूमि आवंटित की जा चुकी है। अलीगढ़, कानपुर और झांसी में सड़क, बिजली, पानी, बाउंड्रीवॉल कार्य कराए जा रहे हैं। इस मौके पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर-आजमगढ़ लिंक एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे को लेकर भी समीक्षा की गई। इस मौके पर अपर मुख्य सचिव गृह और मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार, सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास नीना शर्मा मौजूद रहे।