झांसी। बड़ागांव थानांतर्गत गांव मवई में बृहस्पतिवार-शुक्रवार की रात घर के बाहर सो रहे व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गोली चलने की आवाज व चीख सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। वह घायल को लेकर मेडिकल कॉलेज आए, जहां से ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
गांव निवासी रतिराम अहिरवार (50) पुत्र गोकुली घर के बाहर चारपाई पर सो रहा था। मध्यरात्रि रात करीब दो बजे अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। गोली पीठ में लगने से वह लहूलुहान हो गया। वहीं, गोली चलने की आवाज व रतिराम के मुंह से निकली चीख को सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे।
उसकी हालत देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देख उसे रेफर कर दिया। इस मामले की रिपोर्ट घायल के पुत्र विक्रम ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज करवा दी है।