सिकरारा थाना क्षेत्र के गोनापार गांव निवासी युवक की कूहीं गांव में गुरुवार की रात चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसका शव शुक्रवार की भोर में हत्यारोपी ही घर लेकर पहुंचे और घर वालों को बताया कि चोट लगने से मौत हो गई। युवक मजदूरी करता था। घटना से गुस्साए घर वाले और ग्रामीणों ने शुक्रवार को सुबह गोनापार के पास शव सड़क पर रखकर सिकरारा-बरईपार मार्ग को जाम कर दिया।
पुलिस ने जब चार को हिरासत में लिया तो दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोनापार गांव निवासी रामआसरे का बेटा राजकुमार (20) मजदूरी करता था। वह सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कूहीं गांव में सड़क बनाने का काम कर रहा था। रात में भी वह काम पर ही रहता था।
राजकुमार के साथ सड़क पर काम करने वाले पड़ोसी गांव के मेठ और कुछ अन्य लोग उसका शव लेकर भोर में तीन बजे घर पहुंचे और घर वालों को बताया कि काम करते समय चोट लग गई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया पर डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही मौके पर भीड़ लग गई।
युवक गले और हाथ के पास धारदार हथियार के निशान थे। सुबह सात बजे गांव के पास लोगों ने शव को सड़क पर रख कर सिकरारा बरईपार मार्ग को जाम कर दिया। लोग हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सरायख्वाजा और सिकरारा पुलिस ने सड़क निर्माण स्थल से चार लोगों को हिरासत में लेने का बात कही तो नौ बजे जाम समाप्त हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता रामआसरे ने सरायख्वाजा पुलिस को चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराने की तहरीर दी है। इस संबंध में एएसपी ग्रामीण अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद केस दर्ज किया जाएगा।