झांसी। 15 दिन पहले जेल परिसर में हुई चोरियों का सुराग भी पुलिस नहीं लगा पाई कि सोमवार की शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से एक पुलिस कांस्टेबल की बाइक चोरी करके चोरों ने पुलिस को फिर चुनौती दे दी। पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के प्रधान लिपिक कार्यालय में तैनात कांस्टेबल गौरव गौतम सोमवार को बाइक संख्या से ड्यूटी पर आए थे। उन्होंने बाइक अति सुरक्षित परिसर में खड़ी कर दी और अंदर चले गए। शाम चार बजे तक बाइक वहां पर खड़ी हुई थी। शाम छह बजे जब वह घर जाने के लिए कार्यालय से बाहर आए तो बाइक गायब थी।
विज्ञापन
काफी तलाशने पर भी जब बाइक नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। लेकिन अपने ही साथी की बाइक चोरी की घटना को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। आदेश के बावजूद नाकेबंदी करके चेकिंग नहीं करवाई गई।
गौरतलब है कि 15 दिन पहले दिनदहाड़े जेल परिसर में कई लोगों की डिग्गी से रुपये, मोबाइल और अन्य जरूरी सामान चोरी चला गया था। एक महिला की तो स्कूटी ही चोरी हो गई थी। इसके अलावा बीते 15 दिन के भीतर चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन किसी का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी है। नवाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है।