पूंडरी ढांड मार्ग पर मंगलवार सांय गांव फरल में एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में स्विफ्ट कार पेड़ से जा टकराई। जिससे उसमें सवार एक अध्यापक की मौत हो गई। वहीं उनके बच्चे सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जिनमें से एक की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किया गया है। मामले की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
ग्रामीणों व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शाम को ढांड की ओर से एक स्विफ्ट कार आ रही थी कि फरल के पास अचानक कार के आगे एक मोटरसाइकिल सवार आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार बरोट निवासी एक अध्यापक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा कार में एक बच्चा भी सवार था, जो कि बेसुध है। ग्रामीणों ने मृतक व घायल की तलाशी ली तो पर्स से आधार कार्ड मिला। जिसमें विक्रम पुत्र राम सिंह बरोट का नाम लिखा है। उसी के आधार पर गांव फरल के ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।
उधर, बरोट के लोगों से पता चला कि मृतक का नाम राकेश भट्ट है और वह बीपीआर स्कूल ढांड में अध्यापक थेे और उनके साथ उनका बच्चा भी था जो कि घायल है। गाड़ी के चालक विक्रम सिंह जो कि पूर्व सरपंच राम सिंह के लड़के हैं। उसको गंभीर हालत के चलते पीजीआई रेफर किया गया है। जांच अधिकारी एएसआई महीपाल सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है, उनके आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल घायलों का इलाज करवाया जा रहा है।