झांसी। पंचवटी कालोनी में चार माह पहले मिले सिर कुचले शव के बारे में सुराग हाथ लगने पर पुलिस शिनाख्त में जुट गई है। इसके चलते कोतवाली पुलिस की एक टीम को दिल्ली रवाना कर दिया गया है।
23 जनवरी 2016 की सुबह पंचवटी कालोनी से फिल्टर रोड जाने वाले रास्ते पर पेड़ की झाड़ियों के नीचे एक करीब 35 वर्षीय व्यक्ति का खून से लथपथ शव पड़ा मिला था।
नजदीक में सिंदूर लगा नारियल व मिट्टी के बर्तन भी पड़े थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिससे खुलासा हुआ कि उसकी सिर पर पत्थर पटक कर हत्या की गई है। पुलिस ने शव की शिनाख्त
करने की दिशा में काफी प्रयास किए पर सफलता नहीं मिली। पिछले दिनों पुलिस ने शर्ट पर लगे टैग को बारीकी से देखा तो उस पर टेलर के नाम की वजह मोबाइल नंबर दिखाई दिया। पुलिस ने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि वह दिल्ली के एक टेलर का नंबर है।
पुलिस ने जब टेलर से पूछताछ की तो उसने अपने पास कुछ ग्राहकों का रिकार्ड होने की बात कही। पुलिस से कहा गया कि वह शर्ट लेकर आएं तो रिकार्ड से बताया जा सकता है कि उक्त शर्ट किसने सिलवाई थी? कोतवाली पुलिस की एक टीम दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। वहीं, सर्विलांस की मदद से पुलिस के हाथ कुछ संदिग्ध नंबर भी लगे हैं, जिन्हें पुलिस ने खंगालना शुरू कर दिया है।
थाना प्रभारी जेपी यादव ने बताया कि पंचवटी कालोनी के पास मिले शव की शिनाख्त करने की दिशा में तेजी से प्रयास हो रहे हैं। कई अहम् सुराग हाथ लगे हैं, जिसके शव की शिनाख्त हो सकती है। एक टीम को टेलर के पास दिल्ली रवाना कर दिया गया है।