झांसी। सीपरी बाजार के प्रेम गंज में किन्नर व साधु की हत्या का मुख्य आरोपी इमरान भले ही किन्नर सुमन के साथ लगातार स्थान बदल रहा है, फिर भी पुलिस कप्तान ने 24 घंटे में गिरफ्तारी कर मामले का खुलासे करने का दावा किया है।
प्रेमगंज में 22 अप्रैल को दिनदहाड़े घर के अंदर किन्नरों की गुरु शोभा और साधु पप्पू की निर्मम तरीके से हत्या की गई थी। हत्यारे अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लूट ले गए थे। हत्याकांड में मृतक किन्नर के चेले इमरान निवासी इंदरगढ़ दतिया को नामजद किया गया था। हत्यारों की तलाश में जुटी पुलिस ने हत्या में शामिल फिरोज, आमिर, साबिर व ड्राइवर अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन इमरान व किन्नर सुमन हाथ नहीं लगे।
पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद से इमरान और सुमन लगातार स्थान बदल रहे हैं। कभी उनकी लोकेशन आगरा, एटा, भोगांव, किशनी, मैनपुरी मिलती है, तो कभी भिंड, मुरैना, दतिया, इटावा, उरई आदि स्थानों पर। गिरफ्तारी के लिए कप्तान ने पांच टीमों को लगाया है। पुलिस सूत्र बताते हैं कि मंगलवार की शाम दोनों एटा से मैनपुरी के बीच बस में सवार होकर यात्रा कर रहे थे, जिसकी जानकारी होने पर आगरा की तरफ गई पुलिस टीम ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया था। जिससे पुलिस को देर रात तक सफलता मिलने की उम्मीद जग गई।
एसएसपी मनोज तिवारी ने बताया कि इमरान व किन्नर सुमन लूटे गए जेवर व नकदी लेकर लगातार स्थान बदल रहे हैं। इस वजह से पुलिस को उन तक पहुंचने में देरी हो रही है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कई ऐसे तथ्य हाथ लग गए हैं, जिससे 24 घंटे के अंदर इमरान व सुमन को गिरफ्तार करके वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।