बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समता गर्ल्स हॉस्टल की छात्रा चार दिन पहले से गायब हो गई है। उसका फोन भी बंद जा रहा है। शुक्रवार को छात्रा के पिता ने नवाबाद थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर छात्राओं, वार्डन से पूछताछ की।
मौजूदा सत्र में ही गुमशुदा छात्रा का प्रवेश बीफार्मा में हुआ है। छात्रा कानपुर के दबौली क्षेत्र की रहने वाली है। हॉस्टल में सीट खाली नहीं होने के कारण उसे समता हॉस्टल की 13 नंबर डोरमेट्री में रहने के लिए जगह उपलब्ध कराई गई थी। पिछले 10-12 दिनों से वह यहां रह रही थी। चार दिन पहले जब वह हॉस्टल से निकली तो वापस नहीं आई। जब रात को एंट्री मिलाई गई तो वह छात्रा के वापसी के साइन नहीं मिले। सूत्रों ने बताया कि हॉस्टल वार्डन ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी। इसके बाद परिजनों को फोन कर छात्रा के वापस न आने की जानकारी दी गई। शुक्रवार को कानपुर से झांसी आए छात्रा के पिता ने नवाबाद थाने में गुमशुदगी मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने समता हॉस्टल पहुंचकर छात्राओं और स्टाफ से बातचीत की।
पूरा सामान लेकर गई
बीयू के कर्मचारियों ने बताया कि छात्रा अपने साथ पूरा सामान लेकर गई है। इसको लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। यह भी कहा जा रहा है कि वो किसी परिचित के साथ गई है।