झांसी। जमीनी रंजिश के चलते मंगलवार की रात थाना रक्सा क्षेत्र स्थित गेवरा गांव निवासी मोहर सिंह (45) की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
थाना रक्सा क्षेत्र के गेवरा गांव निवासी मोहर सिंह खेती किसानी करते थे। मंगलवार की रात वे अपनेे पुत्र के साथ घर के बाहर बने बाड़े में सो रहे थे। रात करीब दो बजे अचानक कुछ लोगों ने आकर तमंचे से सिर में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के अन्य घबराकर जागकर बाडे़ में पहुंचे तो मोहर सिंह को खून से लथपथ हालत में देखकर घबरा गए। पास में ही गांव के कुछ लोग खड़े थे, जो परिजनों को आता देख गाली गलौज कर धमका कर भाग निकले। चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग भी आ गए। सूचना मिलतेे ही रक्सा पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर हमलावरों की तलाश शुरू की, लेकिन पता नहीं चल सका।
पुलिस ने मृतक के पुत्र विकास की तहरीर पर गांव के ही ग्राम प्रधान कमलेश, चंदन, रामजी, हरीशंकर व पप्पन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के पीछे जमीन रंजिश बताई गई है। परिजनों का आरोप है कि खेत को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। बुधवार को उक्त मामले की अदालत में तारीख भी थी। कुछ दिन पहले जबरन जमीन पर कब्जे का प्रयास किया गया था, जिसका विरोध करने पर आरोपी कामयाब नहीं हो सके थे। मामला अदालत मेें विचाराधीन होने के बाद भी आरोपी कब्जा करना चाहते थे, जिसका लगातार मोहर सिंह विरोध कर रहे थे। इसी के चलते पांचों ने मिलकर हत्या की।
तमंचा सटाकर मारी गई दो गोली
जिस समय घटना हुई उस समय मोहर सिंह गहरी नींद में सो रहे थे। हमलावरों ने पास में खड़े होकर सटाकर तमंचे से दो गोली मार दी। पहली गोली में ही भेजा व दूसरी में सिर का आधा हिस्सा उड़ गया था। घर वाले भी घटना को देखकर घबरा गए थे। हमलावरों ने उनको बचने का र्कोई मौका भी नहीं दिया।
देखकर पुत्र हो गया था बेहोश
घटना के समय मोहर सिंह के साथ बाड़े में खाट पर उनका छोटा पुत्र छोटू भी सो रहा था। गोली चलते ही छोटू की आंख खुल गई थी। इसी बीच पिता को देखकर वह बेहोश हो गया था। उसे भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। होश में आने के बाद पुलिस ने पुत्र से भी घटना को लेकर पूछताछ की है।