झांसी। कसबा एरच में ज्वैलरी की दुकान से सोने-चांदी के जेवर चुराने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चुराए गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं।
एसएसपी सुभाषचंद्र दुबे ने बताया कि 25 दिसंबर को कसबा निवासी लक्ष्मीनारायण सोनी की घर के नीचे स्थित ज्वैलरी की दुकान के ताले काटकर चोर 100 ग्राम सोना और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात चुराकर ले गए थे। पुलिस इस मामले के खुलासे में जुटी हुई थी।
बुधवार को थाना प्रभारी हफीर्जुरहमान को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किए जेवरात बेचने के लिए जा रहा एक बदमाश बेतवा पुल के पास खड़ा है। सूचना पर उन्होंने पुलिस के साथ घेराबंदी करके बदमाश को दबोच लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम अजय कुमार पुत्र जगदीश प्रसाद अहिरवार निवासी कसबा एरच बताया। अजय के पास से 100 ग्राम सोने व डेढ़ किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए। बदमाश ने पूछताछ में बताया कि 24/25 दिसंबर की रात वह लक्ष्मीनारायण के मकान के पीछे स्थित मंदिर के पास लगे पीपल के पेड़ के सहारे छत पर चढ़ गया था। जीने का दरवाजा रेती से तोड़कर वह नीचे कमरे में आया, जहां से वह दुकान में पहुंचा था।
पत्नी व बेटे के उपचार की खातिर की चोरी
गिरफ्तार बदमाश अजय कुमार ने बताया कि पत्नी व बेटे का उपचार कराने में आर्थिक तंगी आड़े आ रही थी, जिसकी वजह से उसने चोरी की योजना बनाई। उसने खुलासा किया कि वर्ष 2011 में पूंछ पुल पर हुई हत्या के आरोप में भी वह जेल जा चुका है।
खुलासा करने पर डीआईजी ने दिया इनाम
पांच दिन में चोरी का खुलासा करने पर डीआईजी ने इंस्पेक्टर हफीर्जुरहमान, एसआई शिवशंकर तिवारी, रणजीत सिंह, संदीप कुमार व गोरेलाल को 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया है।