बस स्टैंड के पीछे बस्ती में रविवार रात बाइक से आये नकाबपोश दो बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर फायर कर दिया। फायरिंग से बस्ती में हड़कंप मच गया। बदमाशों के भागने के बाद काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खोखा कारतूस बरामद कर लिया। सोमवार की देर शाम तक पीड़ित पक्ष ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस से नहीं की थी।
बस स्टैंड के पीछे रहने वाली रजिया ने बताया कि रात करीब सात बजे वह बालकनी में खड़े होकर अपने पति मोहम्मद शहजाद और बेटी के साथ बातचीत कर रही थीं, तभी बिना नंबर की पल्सर से दो नकाबपोश बदमाश आकर रुक गए। बदमाशों ने तमंचा लहराते हुए गाली-गलौज दी और फिर उनके घर को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली चलते ही तीनों चीखपुकार करते हुए कमरे में छुप गए। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
बदमाशों के भागने के बाद मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। उन्होंने इसकी सूचना नवाबाद थाना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद खोखा कारतूस कब्जे में ले लिया। नवाबाद थाना प्रभारी मनीष सक्सेना का कहना है कि जिस तरह से दरवाजे पर गोली लगी है, उससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फायरिंग करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।