ग्राम कैरोखर में रोजगार सेविका की पांच लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने थाने में तैनात एक सिपाही समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ग्राम कैरोखर निवासी दृगपाल सिंह यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी पत्नी कस्तूरी देवी (33) ग्राम पंचायत की रोजगार सेविका थी। वह शनिवार सुबह अपने जानवरों को चारा खिला रही थी। उसी समय कैरोखर निवासी रवींद्र उर्फ छोटू, दीवान पुत्रगण मकुंदी लाल, बोदेलाल व बाबूलाल एवं थाना ककरबई में तैनात सिपाही जितेंद्र कुमार यादव वहां आए और कस्तूरी देवी के साथ मारपीट करने लगे। वह अपने बचाव के लिए भाग कर घर के अंदर आई तो सभी आरोपी उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए और पीट -पीट कर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने कस्तूरी को मार कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया।
इस घटना की जानकारी होते ही एसपी देहात दिनेश सिंह, एसडीएम गरौठा श्रीराम यादव, सीओ अविनाश गौतम, तहसीलदार बीपी पटेल, थानाध्यक्ष ककरबई संतप्रकाश पटेल मौके पर पहुंचे। गांव में तनाव की स्थिति देखते हुए सीओ ने आसपास के थानों का फोर्स भी मौके पर बुला लिया। एसपी देहात ने इस मामले में आरोपी सिपाही को लाइन हाजिर कर मृतका के पति की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने का आदेश थानाध्यक्ष को दिया। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सीओ ने बताया कि दर्ज मामले की जांच थानाध्यक्ष द्वारा की जाएगी।