झांसी। दलित महिला से गैंग रेप के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। देर रात तक पुलिस की टीमें एक और आरोपी की तलाश में जुटी रहीं। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पीड़िता के कपड़ों को फोरेंसिक जांच के लिए सील कर दिया। डीएनए परीक्षण के लिए खून का सैंपल भी लिया गया।
महिला ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि घास मंडी बड़ा बाजार निवासी अंशू लिखधारी ने दिसंबर 2015 में उसे अपने आर्य कन्या इंटर कालेज के पास दूसरे घर बुलाया, जहां डरा धमकाकर बलात्कार किया। इसके बाद वह ब्लैक मेल करने लगा। उसके दोस्त चंद्रशेखर शुक्ला एडवोकेट ने भी बंदूक के बल पर बलात्कार किया। तब से दोनों उसकी इज्जत के साथ खेलते रहे। वह लोक लाज के भय से खामोश रही।
तंग आकर जब उसने पति से शिकायत की बात कही तो दोनों ने उसे फोन पर धमकाया। कहा कि पुलिस से शिकायत की तो पति को झूठे मुकदमे में फंसाकर जीवन बर्बाद कर देंगे। जांच में मामला सही पाए जाने पर शनिवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
सीओ सिटी कल्याण सिंह ने बताया कि रविवार की रात को आरोपी अंशु लिखधारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चंद्रशेखर शुक्ला एडवोकेट की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही हैं। उन्होंने बताया कि अंशु लिखधारी कई आपराधिक मामलों में भी वांछित था। उधर, पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं।