सावधानी हटी तो घटना घटी
- ट्रेनों में त्योहार पर बढ़ जाती हैं घटनाएं, बदमाश सक्रिय
- आए दिन सामने आ रही हैं वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। त्योहार में ट्रेनों में चोर सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में जरा ही असावधानी किसी भी यात्री को भारी पड़ सकती है। आए दिन यात्रियों के साथ चोरी की वारदात सामने आ रही हैं।
विगत 19 अक्तूबर की रात बांदा के गिरवा थाना क्षेत्र के गांव महुआ निवासी संजय कुमार गुप्ता हजरत निजामुद्दीन जबलपुर एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन जब ग्वालियर से झांसी की तरफ बढ़ रही थी, तभी आंतरी स्टेशन के नजदीक बदमाश उनका बैग चोरी कर ले गए। बैग में एक लाख रुपये, रजिस्टर, चेक बुक व अन्य कागजात रखे थे। यह सिर्फ एक मामला है। दरअसल, त्योहार के सीजन में विभिन्न शहरों में नौकरी, मजदूरी या अध्ययन कर रहे हजारों लोग अपने घर लौटते हैं। इससे ट्रेनों में भीड़ बढ़ना शुरू हो गई है। भीड़ में हाथ साफ करने के लिए बदमाश भी सक्रिय हैं। बदमाशों को मालूम है कि त्योहार पर लोग अपने साथ नकदी व कीमती सामान लेकर चलते हैं। इसका भरपूर लाभ बदमाश उठा रहे हैं। खासकर बदमाशों के निशाने पर जनरल व स्लीपर कोच के यात्री बने हुए हैं। त्योहार के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।
‘ट्रेनों में ज्यादा से ज्यादा स्क्वॉएड बढ़ाए जा रहे हैं। जिन ट्रेनों में स्क्वॉएड चल रहे हैं, उनमें अगर कोई घटना होती है तो इसके लिए जवान जिम्मेदार होंगे। साथ ही अनुभाग के सभी प्रभारियों व थानाध्यक्षों को शाम से ही विशेष चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। दिन-रात आकस्मिक चेकिंग के लिए कहा है। प्लेटफार्म ड्यूटी पर रहने वाले जवानों को आदेश दिया है कि वह ट्रेन के प्लेटफार्म पर आते ही एक छोर से दूसरे छोर तक चहलकदमी कर संदिग्धों पर नजर रखें। ’
- पीके मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रेलवे।
सफर के दौरान ये सावधानियां बरतें
----------------------------
- पर्स व रुपये पेंट के पीछे की जेब में न रखें।
- टिकट लेते समय, ट्रेन में चढ़ते वक्त विशेष सावधानी बरतें।
- चलती ट्रेन में दूसरे की बातों में आकर खानपान न खाएं।
- जिस बैग, पर्स या अन्य वस्तु में पैसे रखे हों, उसको इधर-उधर न रखें।
- कोच के गेट के पास खड़ा होने से बचें।