पैरों में बांधकर रखे थे साढ़े तीन लाख रुपये
झांसी। रविवार व सोमवार की रात कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कार सवार कारोबारी के पास से तीन लाख पैंसठ हजार रुपये बरामद किए। कारोबारी ने रकम पुलिस से बचाने के लिए पैरों में बांधकर रखी थी। कोेतवाली लाकर पूूछताछ की गई। पड़ताल करने पहुंची स्टेटिक टीम को कारोबारी रकम संबंधी कोई प्रपत्र नहीं दिखा सका, जिसके चलते उसे जब्त कर लिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह टीम के साथ मिनर्वा चौराहा के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने सफेद रंग की एक कार को रोका। चेकिंग कर कार की तलाशी ली गई लेकिन कुछ नहीं मिला। शक होने पर जब कारोबारी की तलाशी ली गई तो वह पैैरों में पांच-पांच सौ रुपये के नोेट बांधे थे। पुलिस कारोबारी व उसके चालक को लेकर कोतवाली पहुुंची। जहां कारोबारी ने अपना नाम कानपुर के चमनगंज निवासी रईस आलम बताया। रईस ने बताया कि वह सिलाई मशीन का कारोबार करते हैं। मानिक चौक स्थित एक दुकानदार को माल देकर रकम लेकर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दो लाख नौ हजार रुपये उक्त कारोबारी से लिए थे। कोतवाली पुलिस ने स्टेटिक टीम को सूचना देकर बुलाया। टीम की पड़ताल में कारोबारी रकम संबंधी प्रपत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद रकम को जब्त कर कारोबारी व उसके चालक को जाने दिया गया। टीम में मिनर्वा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह तक्खर व सिपाही राजीव सिंह मौजूद रहे।
शहर क्षेत्र में पुलिस की नजर
कोेतवाली इलाके में बाहर के कारोबारियोें का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में आचार संहिता लगने के बाद से ही पुलिस ने कड़ा पहरा शहर क्षेत्र के इलाकों में लगा दिया है। बाहर से आने वाली चार पहिया गाड़ियों पर नजर रखी जा रही है।