ठगी के मामले में आठ पर एफआईआर
झांसी। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में आवास दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले आठ लोगोें पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने पड़ताल के बाद मुकदमा दर्ज किया।
आवास बनाने के लिए सरकार की एक कंपनी का चयन किया था, लेकिन गड़बड़ी की शिकायतें मिलने पर यह मामला जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी के संज्ञान में आया तो उन्होंने कंपनी को हटा दिया था। बाद में दूसरी कंपनी (अरिनेम) ने कामकाज संभाल लिया और काम सुचारु तरीके से चलने लगा। पूर्व में कुछ लोग आवास बनवाने के नाम पर दलाली में सक्रिय थे। लेकिन, कंपनी हट जाने के बाद उनकी दलाली की दुकानें बंद हो गईं थी। परंतु, उन्हीं में से कुछ लोग आवास बनवाने के नाम पर अभी भी सक्रिय हैं।
रविवार को इलाइट चौराहा पर कुछ लोगों को आवास स्वीकृत के नाम पर बुलाया गया, वहां पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था। जिला नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर नबाबाद पुलिस ने शहनवाज मुल्ला जी, रहबर, कामिल, आरिफ, अभि मिश्रा और तीन अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।