आगरा के ध्यानार्थ
............................
श्रेणी - अपराध
-------------
अपहरणकर्ताओं का संरक्षणदाता हत्थे चढ़ा
सब हेड... सराफा कारोबारी अपहरण कांड में एक और गिरफ्तारी
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सराफा कारोबारी अपहरण कांड में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। अपहरणकर्ताओं को संरक्षण देने वाला प्रदीप कुमार पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसे जेल भेज दिया गया है।
थाना कोतवाली इलाके के लोहा मंडी क्षेत्र से बारह जुलाई की रात सराफा कारोबारी राजू कमरया और राहुल अग्रवाल का अपहरण हुआ था। मंगलवार को उन्हें आगरा में विनोद जाट गैंग से मुक्त कराया गया। लेकिन, अपहरणकर्ता पुलिस के हाथ नहीं लग पाए थे। हालांकि, तब दो लोगों को हिरासत में लेने की बात कही गई थी। चर्चा है कि अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी दर्शा रही है। शनिवार को थाना कोतवाली पुलिस ने बस स्टैंड के पास से हाथरस जिले के थाना सादाबाद के सिरौठ निवासी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार किया। थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अजय पाल सिंह ने बताया कि प्रदीप कुमार ने अपहरणकर्ताओं को अपने ठिकाने पर संरक्षण दिया था। यह बात अपह्त कारोबारियों ने भी बताई है।
उल्लेखनीय है कि बीते रोज पुलिस ने आगरा के मलपुरा थाना इलाके के जारूआ कटरा निवासी धर्मवीर सिंह की गिरफ्तारी दर्शाई थी। उसे घटना के षणयंत्र में शामिल होने की वजह से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस की संदिग्धों पर नजर
अगवा सराफा कारोबारियों की सकुशल वापसी के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपहरणकर्ताओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजने की है। हालांकि, इस मामले में अभी पुलिस के हाथ सफलता नहीं लगी है। विनोद जाट और उसकी गैंग के कर्ताधर्ताओं तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने अभी किसी को हिरासत में नहीं लिया है, लेकिन संदिग्ध पुलिस की नजर में हैं। पुलिस को एक नाम अपह्त राजू कमरया की ओर से भी मिला है, जिसकी घटना में संलिप्तता की गोपनीय जांच चल रही है। पक्के सुबूत हाथ लगने पर पुलिस को उसे गिरफ्तार करने की तैयारी है। इसके अलावा पुलिस को कुछ और स्थानीय लोगों पर घटना में शामिल होने की आशंका है। कई मोबाइल पुलिस के रडार पर हैं।