मुठभेड़ में बच निकला नामी बदमाश मोंटी
अमर उजाला ब्यूरो
मोंठ। तहसील वाली मस्जिद के पास नामी बदमाश मोंटी यादव गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। दिनदहाड़े दनादन गोलियां चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाश पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
कोतवाल आलोक सक्सेना ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि कुछ बदमाश अवैध असलहों से लैस होकर थाने की ओर आ रहे हैं। वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने थाने से पहले तहसील वाली मस्जिद के पास बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश निकले। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से जवाबी फायरिंग होने पर बदमाश थाने से कुछ दूरी पर बाइक छोड़कर घरों की छत पर चढ़कर पीछे की ओर कूदे और भाग निकले। पुलिस ने काफी दूर तक बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाश पकड़ में नहीं आए। पुलिस के अनुसार एक बदमाश की पहचान हरीशंकर यादव उर्फ मोंटी निवासी ग्राम बुढ़ावली के रूप में हुई है। उसके साथ दो अन्य बदमाश भी थे। पुलिस के मुताबिक मोंटी यादव पर विभिन्न थानों में डकैती, रंगदारी, गुंडाएक्ट सहित चौदह मुकदमे चल रहे हैं।
- तहसील वाली मस्जिद के पास पुलिस ने घेरा, जमकर हुई फायरिंग
- दिनदहाड़े गोलियां चलने से इलाके में सनसनी, भाग निकले बदमाश