झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के आसपास पार्किंग की समस्या को देखते हुए कॉलेज परिसर के भीतर बहुमंजिली पार्किंग बनाने का प्रस्ताव नगर निगम ने तैयार किया है। यहां कॉलेज स्टॉफ के साथ मरीज के तीमारदार एवं एंबुलेंसों को भी पार्किग की सहूलियत मिलेगी हालांकि अभी जमीन को लेकर पेच फंसा हुआ है। कॉलेज प्रशासन से जमीन के लिए निगम ने सहमति मांगी है।
मेडिकल कॉलेज के आसपास पार्किंग न होना सबसे बड़ी समस्या है। पार्किंग न होने से कॉलेज के गेट नंबर एक से लेकर तीन तक सर्विस लेन पूरी तरह वाहनों से पटी रहती है। यहीं पर दर्जनों एंबुलेंस खड़ी रहती हैं। सर्विस लेन से पैदल निकल पाना भी मुश्किल होता है। वहीं, अस्पताल के सामने भारी ट्रैफिक होने से अकसर जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर निगम को पार्किंग का इंतजाम करने को कहा गया लेकिन, जमीन न होने से मामला अब तक अटका रहा। अब निगम प्रशासन ने इसके लिए मेडिकल कॉलेज से जगह मांगी है। कॉलेज के पास गेट नंबर एक से तीन की बाउंड्रीवाल के बीच काफी जगह खाली है। निगम प्रशासन की मंशा है कॉलेज प्रशासन से सहमति मिलने पर यहां स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए चार सौ वाहन क्षमता की पार्किंग तैयार कराई जा सकेगी। एक फ्लोर में मेडिकल कॉलेज के स्टॉफ के लिए सुरक्षित रखी जाएगी। दूसरे एवं तीसरे तल का इस्तेमाल तीमारदार समेत एंबुलेंस के लिए किया जा सकेगा। पे एंड यूज सिस्टम पर यह पार्किंग काम करेगी।
शहर में दो पार्किंग स्थल बनाए जाने की तैयारी है। मेडिकल क्षेत्र के लिए मेडिकल कॉलेज को प्रस्ताव दिया गया है। जमीन की सहमति मिलने पर यहां पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इलाइट के पास भी पार्किंग स्थल विकसित करने की तैयारी है।
अवनीश राय
नगर आयुक्त
निजी नर्सिंग होम के पास अपनी पार्किंग नहीं
मेडिकल कॉलेज के आसपास सैकड़ों निजी नर्सिग होम्स संचालित किए जा रहे हैं लेकिन, अधिकांश नर्सिंग होम के पास अपनी कोई पार्किंग ही नहीं है। नर्सिंग होम में आने वाले सभी लोग अपने वाहन बाहर सड़कों पर ही खड़े कर देते हैं। इसी वजह से यहां जाम की समस्या पैदा होती है। नर्सिंग होम्स में पार्किंग का इंतजाम न होने पर जेडीए भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।