corona treatment in privet hospital
झांसी। शहर में अब 21 अगस्त से प्राइवेट हॉस्पिटल में कोविड मरीजों का इलाज शुरू होगा। हाईटेक अस्पताल संचालक कोविड मरीजों को भर्ती करने के पहले पैरामेडिकल स्टाफ को कोविड के मानकों को लेकर प्रशिक्षण दिला रहे हैं। यहां पर पांच बेड आईसीयू के हैं, जो कि सभी वेंटिलेटर से जुड़े हुए हैं। इतना ही नहीं, दो निजी अस्पताल और आगे आए हैं। जल्द ही इन दो अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों का इलाज शुरू हो सकता है।
कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या में तेजी से हो रही बढ़ोत्तरी की वजह से महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध संसाधन कमतर साबित होने लगे हैं। स्थिति ये पैदा हो गई थी कि संक्रमितों को इलाज के लिए दिल्ली, नोएडा की ओर रुख करना पड़ रहा था। ‘अमर उजाला’ ने लोगों की इस समस्या को लगातार उठाया। इसका असर ये हुआ है कि अब प्राइवेट अस्पताल भी कोरोना मरीजों के इलाज के लिए आगे आने लगे हैं। एक निजी अस्पताल में 21 अगस्त से कोरोना मरीजों का इलाज शुरू हो जाएगा। अस्पताल संचालक डॉ. एचपी राय ने बताया कि कोविड मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल ने लगभग पूूरी तैयारी कर ली है। चूंकि, अब तक अस्पताल में नॉन कोविड मरीज इलाज कराने के लिए आते रहे, ऐसे में पैरामेडिकल स्टाफ समेत अन्य कर्मचारियों को पीपीई किट पहनने समेत कोविड से जुड़ी तमाम सावधानियों के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पांच बेड का आईसीयू पूरी तरह तैयार है। यहां पर एल-2 लेवल की सभी सुविधाएं हैं। आईसीयू के सभी बेडों से वेंटिलेटर भी जुड़े हुए हैं। अस्पताल में सेंट्रल ऑक्सीजन की भी व्यवस्था है। ऐसे में कोविड के गंभीर रोगियों को हाई फ्लो ऑक्सीजन भी दी जा सकेगी।
इसके अलावा मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित 40 बेड का एक और नर्सिंगहोम कोविड मरीजों का इलाज करने के लिए राजी हो गया है। हालांकि, यहां पर सेंट्रल ऑक्सीजन समेत कुछ जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। जल्द ही नर्सिंगहोमों में कोविड से जुड़ी सारी सुविधाएं उपलब्ध हो जाएंगी। इसके बाद यहां पर भी मरीज भर्ती किए जा सकेंगे। वहीं
वहीं, जैन समाज ने पहल करते हुए जिला प्रशासन को समाज द्वारा संचालित श्री भगवान महावीर आरोग्य भारती अस्पताल को कोरोना मरीजों के उपचार के लिए देने का प्रस्ताव दिया है। महावीर आरोग्य भारती चैरिटेबल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष तथा पूर्व केंद्रीय प्रदीप जैन आदित्य ने बताया कि कोरोना की महामारी को देखते हुए जैन समाज ने इस अस्पताल को जिला प्रशासन को सौंपने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों का अस्पताल में इलाज हो। उन्हें हाई फ्लो ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की सुविधा मिले। जैन समाज ने सभी समाजों से भी आगे आने का आह्वान किया गया है। पंचायत के महामंत्री प्रवीण कुमार जैन ने कहा कि जिला प्रशासन की टीम ने अस्पताल का भ्रमण भी कर लिया गया है। अस्पताल में छह वार्ड, तीन प्राइवेट वार्ड, ऑपरेशन थिएटर समेत सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं।