झांसी। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) से सभी राज्यों को आगामी दो दिनों तक रैपिड टेस्ट न करने की बात कही जाने के बाद जिले में दो दर्जन से अधिक लोगों के रैपिड टेस्ट रोक दिए गए हैं। कोई दिशा-निर्देश आने तक रैपिड टेस्ट शुरू नहीं किए जाएंगे।
रैपिड टेस्ट को लेकर कुछ राज्यों से गड़बड़ियों की शिकायत आने के बाद आईसीएमआर ने किट की जांच का फैसला लिया है। इसके लिए आगामी दो दिनों तक सभी राज्यों से रैपिड टेस्ट न करने की बात कही गई है। झांसी में भी किट आने के बाद पिछले कुछ दिनों से रैपिड टेस्ट जारी हैं। मंगलवार तक सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाते रहे। स्वास्थ्य अधिकारियों को जब आईसीएमआर से रैपिड टेस्ट रोकने की जानकारी मिली तो दो दर्जन से ज्यादा लोगों के सैंपल रोक दिए गए हैं।