गुदरी मौहल्ला में हुई पवन अहिरबार की हत्या में उसके घर पर गमगीन परिजन। अमर उजाला
झांसी। थाना कोतवाली इलाके में शुक्रवार की शराब पार्टी के दौरान हुए आपसी विवाद में एक युवक की सिर पर लाठी-डंडे व पत्थर से प्रहार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बचाने पहुंचे भाई पर भी हमला किया गया, जिससे वो घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुदरी बड़ापुरा निवासी स्व. मुन्नूलाल का पुत्र पवन अहिरवार (29) एक टेंट की दुकान पर काम करता था। शुक्रवार की शाम तकरीबन पांच बजे नगरा निवासी इकरार व रोहित अहिरवार उसके घर पहुंचे और पवन को अपने साथ दशहरे की पार्टी मनाने के लिए ले गए। देर शाम शंकर सिंह के बगीचे के पास शराब की बोतलें भी खुल गईं और वे सभी पार्टी मनाने लगे। इसी बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। विवाद के दौरान पवन पर लाठी-डंडे व पत्थरों से हमला बोल दिया गया। जानकारी होने पर छोटा भाई हरवंश उर्फ पंकज (26) उसे बचाने पहुंचा। इस पर हमलावरों ने हरवंश पर भी हमला बोल दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां देर रात पवन की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि, घायल हरवंश उर्फ पंकज का इलाज जारी है।
मृतक के बड़े भाई राकेश कुमार अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने नगरा निवासी इकरार, रोहित अहिरवार, गुदरी बड़ापुरा निवासी दो सगे भाई सुनील गौतम व मनीष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। सुनील और मनीष पर घटना के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने घटना के आरोपी इकराम को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
मृतक और आरोपी मुंहबोले चाचा-भतीजे
झांसी। मृतक और आरोपियों के बीच चाचा-भतीजे का मुंह बोले का रिश्ता था। आरोपी रोहित पहले मृतक पवन के मुहल्ले में ही रहता था। कुछ साल से वह नगरा में रहने लगा था। रोहित मृतक पवन को चाचा कहकर बुलाता था। बताया गया कि दशहरे की पार्टी के दौरान रोहित ने पवन से नमकीन लाने को कहा। इस पर पवन खफा हो गया और बोला कि भतीजा होकर चाचा से काम के लिए बोल रहा है। इस पर दोनों के बीच विवाद होने लगा। देखते ही देखते नौबत मारपीट पर आ पहुंची।