झांसी। सीपरी बाजार के ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में सवार दो प्रतियोगी छात्रों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। हालत न सुधरने पर रंजीत कुशवाहा (26) को ग्वालियर रेफर किया गया लेकिन, शनिवार को उसकी मौत हो गई उधर, दूसरे घायल छात्र का अभी उपचार चल रहा है। वह परिवार का इकलौता बेटा था।
मूल रूप से टोड़ी फतेहपुर के बड़ागंज मोहल्ला निवासी रंजीत पुत्र लखन कुशवाहा आंतिया ताल के पास किराए का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पिता लखन गांव में खेती-किसानी करते हैं। परिवार में मां समेत 4 बहनें रचना, आरती, पूजा और सरस्वती हैं। चारों बहनों की शादी हो चुकी। रंजीत की अभी शादी नहीं हुई है। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार तड़के करीब 3 बजे अपने दोस्त सत्यम दांगी को लेकर सीपरी बाजार से लौट रहा था। सीपरी बाजार पुल के ऊपर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। दोनों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। यहां इमरजेंसी वार्ड में भर्ती रहे। सत्यम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। सीपरी बाजार थाना प्रभारी जेपी चौबे के मुताबिक कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।