झांसी। 35 साल बाद सैंयर गेट स्थित प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय में बिजली कनेक्शन के साथ-साथ पंखे भी लगवा दिए गए। पानी की समस्या के लिए भी व्यवस्था करवा दी गई है।
अमर उजाला में 19 मई को प्रकाशित खबर में सैंयर गेट स्थित प्राथमिक कंपोजिट विद्यालय की दुर्दशा को बताया गया था। लगभग 35 साल से संचालित विद्यालय में वर्तमान में 153 छात्रांकन है। इस विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं था। इस कारण बच्चे टिनेशड के नीचे तपती जमीन पर बैठकर पढ़ते थे। अमर उजाला में प्रकाशित खबर का असर यह हुआ कि विद्यालय में एक दिन में बृहस्पतिवार को दोपहर 1 बजे तक बिजली कनेक्शन के साथ-साथ सभी कमरों में नए पंखे लगवा दिए गए। खंड शिक्षा अधिकारी प्रसून जैन ने बताया कि विभाग ने कंपोजिट ग्रांट से विद्यालयों के सभी कमरों में बल्व और पंखे लगवा दिए गए हैं। अभी विद्यालय में बिजली का अस्थाई कनेक्शन करवाया गया है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश खत्म होने से पहले विद्यालय में बिजली का स्थाई कनेक्शन भी हो जाएगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ने बिजली कनेक्शन के लिए पहले से आवेदन कर रखा है। वहीं पानी के लिए भी व्यवस्था करवा दी गई है, जिससे टंकी में पानी भर जाएगा। अब ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल लौटने पर बच्चों को हाथ से पंखा नहीं झलना पडे़गा। न ही पानी के लिए स्कूल से बाहर हैंडपंप पर जाना पड़ेगा। न ही एक बाल्टी पानी के भरोेसे रहना पड़ेगा। इतने सालों से लगे नल से अब पानी भी निकलेगा।