झांसी। महानगर के पार्कों की बदहाली को लेकर नगर निगम संजीदा नहीं है। नरसिंहराव टौरिया स्थित गुलाम गौस खां पार्क में बच्चे गंदगी और कूड़े के ढेरों के बीच खेलने को मजबूर हैं। पार्क में घास की जगह पाइपलाइन लीकेज से जलभराव है। साथ ही, शाम को अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इसके चलते लोगों के लिए पार्क की सुविधा आफत बन रही है।
महानगर के नरसिंह राव टौरिया स्थित गुलाम गौस खां पार्क का निर्माण काफी साल पहले किया गया था। नगर निगम ने पार्क में बाउंड्रीवाल, ट्रैक और कुर्सियां लगा दीं। कुछ दिन तक तो हालात ठीक रहे, लेकिन इसके बाद नगर निगम ने पार्क की ओर मुड़कर नहीं देखा। हालात यह हैं कि पार्क में गंदगी की भरमार है। नालियों में कूड़ा पड़ा है, तो जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इसके अलावा पार्क में लाइट की भी व्यवस्था नहीं है। लोग बताते हैं कि पार्क में घास तक नहीं है। साथ ही पाइपलाइन लीकेज के चलते जलभराव रहता है। बच्चे गंदगी के बीच खेलने को मजबूर हैं। इसके साथ ही शाम को पार्क में अराजक तत्वों का जमावड़ा रहता है। कई लोगों ने पार्क में गार्ड की तैनाती और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए नगर निगम से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं की गई। इसके चलते लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
कहते हैं लोग
पार्क में कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। आसपास कोई पार्क नहीं हैं, तो यहीं खेलते हैं। यहां रात को लाइट भी नहीं जलती।- शोभित
--------
पार्क में निर्माण कार्य अब तक अधूरा है। कई बार नगर निगम से कह चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।- करन
----------
पार्क लोगों की सुविधा और मनोरंजन के लिए होता है, लेकिन यहां बदहाली है। जगह-जगह जलभराव है।- हुसैन अहमद
--------
पार्क में शाम को अराजक तत्वों का जमावड़ा लगता है। कई बार लोग उत्पात मचाते हैं। इसके चलते दहशत रहती है।- इरफान
अमर उजाला इंपैक्ट
अतिक्रमण से आजाद हुआ शहीद पार्क
झांसी। महानगर के झोकनबाग स्थित शहीद पार्क को मंगलवार को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण मुक्त कराया। दरअसल, अमर उजाला ने अभियान के दौरान मंगलवार के अंक में शहीद पार्क में अतिक्रमण की समस्या प्रकाशित की थी। इसे लेकर मंगलवार सुबह नगर निगम की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान पार्क की बाउंड्री के बाहर रखी चाय की दुकानों और वाहनों को हटवाया गया। अभियान के दौरान नगर निगम की टीम और कुछ व्यापारियों में नोकझोंक भी हुई। टीम ने वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी। इसके साथ ही पार्क के बाहर पड़े कूड़े को हटवाकर यूरिनल की सफाई कराई गई। इसके साथ ही नई बस्ती चांद दरवाजा पर अधिवक्ता द्वारा नाली निर्माण कार्य को ध्वस्त कराया गया। इसके बाद टीम ने बस स्टैंड पर दुकानों से अतिक्रमण हटवाने के साथ ब्रेकर को ध्वस्त कराया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एनएन वाजपेयी, सूबेदार त्रिभुवन पस्तोर, सूबेदार केके मिश्रा, मनोज सिंह, विक्रम सिंह, वीरेंद्र परिहार, अरविंद सिंह, तेजकरन मौजूद रहे।