झांसी। बच्चों, किशोरों को टीका लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने छह जून से घर-घर दस्तक अभियान शुरू किया है। एक सप्ताह में 1250 बच्चे व किशोर टीमों को घर पर नहीं मिले। परिजनों ने बताया कि कोई नानी के घर गया है तो कोई स्कूल की छुट्टियां होने पर बाहर घूमने गया हुआ है। ऐसे में टीमें वापस लौट रही हैं।
जनपद में 12 से 14 साल के 86660 बच्चों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जानी है। अब तक 86.07 फीसदी को प्रथम और 49 प्रतिशत को द्वितीय डोज लग चुकी है। वहीं, 15 से 17 वर्ष के 1,40,274 किशोरों को टीका लगना है। इसके सापेक्ष अब तक 102.2 प्रतिशत ने पहली और 91.3 फीसदी ने दूसरी डोज लगवा ली है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने छह से 24 जून तक घर-घर दस्तक अभियान शुरू किया है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविशंकर ने बताया कि सप्ताह भर में 12 से 14 साल के 412 बच्चों को पहली और 6113 को दूसरी डोज लग चुकी है। वहीं, 15 से 17 वर्ष के 57 किशोरों ने पहली और 353 ने दूसरी खुराक लगवा ली है। उन्होंने बताया कि करीब साढ़े बारह सौ बच्चे व किशोर घर पर नहीं मिले। परिजनों ने बताया कि वह छुट्टियां मनाने के लिए बाहर गए हुए हैं।