झांसी। थाना सीपरी बाजार के बूढ़ा इलाके में एक नहर में डूबने से आठ वर्षीय बालक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को उसका शव नहर में उतराते हुए मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने नहर से शव को निकालकर कब्जे में ले लिया। उधर, परिजनों के बीच सूचना पहुंचते ही उनके बीच रोना- पीटना मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
नवाबाद के गुमनावारा, पिछोर निवासी सियाराम छोटा-मोटा काम करके परिवार का भरण पोषण करता है। उसका बड़ा लड़का सूरज (10) एवं छोटा बेटा सौरभ (8) बुधवार को घर के बाहर खेल रहे थे। मां गिरिजा का कहना है सौरभ दोपहर करीब बारह बजे एक मिनट में बाहर से आने की बात कहकर घर से निकला था लेकिन, शाम तक लौटकर नहीं आया। परेशान परिजनों ने उसकी आसपास तलाश की लेकिन, उसका पता नहीं चला। उसके दोस्तों से भी पूछा लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं बताया। बृहस्पतिवार को उसका शव सुबह बूढ़ा के पास पहूज से निकली नहर में उतराता मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना तुरंत सीपरी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नहर से बाहर निकलवाया। पिता सियाराम भी मौके पर पहुंच गया। पूछताछ के दौरान मालूम चला कि सौरभ अपने मोहल्ले के कुछ लड़कों के साथ नहर में मछली पकड़ने के लिए बिना बताए निकल गया था। उसी दौरान पांव फिसल जाने से वह नहर में गिर पड़ा। उसके साथ गए लड़कों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन, उसे बाहर नहीं निकाल सके। उसके डूब जाने से घबराकर सभी घर लौट आए। घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। आज सुबह पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने सारी बात बताई। सीओ अरुण चौरसिया के मुताबिक सौरभ के साथ गए सभी बच्चे उसी के हमउम्र थे। परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाए गए हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।