झांसी। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाओं के लिए झांसी जनपद में 10 से 15 परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। छात्रों से लेकर स्कूलों तक का ब्योरा बोर्ड को भेजा जा चुका है। जल्द ही केंद्र निर्धारण कर सूची जारी कर दी जाएगी।
सीबीएसई बोर्ड के 10वीं के छात्रों की परीक्षाएं 30 नवंबर से शुरू होंगी और 11 दिसंबर तक चलेंगी। वहीं, 12वीं की परीक्षाएं एक दिसंबर से 22 दिसंबर तक चलेंगी। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा ऑफलाइन होंगी। छात्रों को ओएमआर शीट पर परीक्षा देनी होगी। कोरोना महामारी के चलते इस बार बोर्ड की परीक्षाएं दो सेमेस्टर में कराने का फैसला लिया गया है। पहली बार इस साल यह व्यवस्था लागू की गई है। कक्षाओं में सोशल डिस्टेंसिंग रहे, इसके लिए एक कक्ष में 12 छात्र ही बैठेंगे। हर दिन ऑब्जर्वर भी तैनात रहेंगे, ताकि नकलविहीन परीक्षा कराई जा सके। उम्मीद है कि 10 नवंबर तक बोर्ड परीक्षा केंद्र का निर्धारण कर देगा। जिले में 10 से 15 परीक्षा केंद्र बनाए जा सकेंगे। सीबीएसई बोर्ड की जिला समन्वयक प्रीति खत्री ने बताया कि एक केंद्र में 300 से 350 छात्र-छात्राओं की परीक्षा होगी। सोशल डिस्टेंसिंग के मद्देनजर एक क्लास में 12 परीक्षार्थी ही बैठेंगे।
परेशानी पर बदल सकेंगे केंद्र
बोर्ड की जिला समन्वयक ने बताया कि केंद्र निर्धारित होने के बाद यदि किसी छात्र का कोई परेशानी है तो वह अपना केंद्र बदलवा सकता है। इसके लिए भी बोर्ड की तरफ से गाइडलाइन जारी की जा चुकी है।