झांसी। जिले के तीन मूल्यांकन केंद्रों में इस साल हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 2,80,091 उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी। मूल्यांकन कार्य में 1076 परीक्षक एवं हेड परीक्षक लगेंगे। सीसीटीवी कैमरों की निगाह में कापियां जांची जाएंगी।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य 23 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। राजकीय इंटर कालेज व नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कालेज में इंटर की तथा बिपिन बिहारी इंटर कालेज में हाईस्कूल की कापियां जांची जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक के अनुसार जीआईसी में 68355, नेशनल हाफिज सिद्दीकी में 46236 एवं बिपिन बिहारी कालेज में 165500 उत्तर पुस्तिकाओं का आवंटन हुआ है। मूल्यांकन के लिए जीआईसी में 118, हाफिज सिद्दीकी कालेज में 195 एवं बीआईसी में 763 परीक्षक एवं हेड परीक्षक रहेंगे।
लेट लतीफी पर शिक्षक संघ नाराज
झांसी। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं वित्त एवं लेखाधिकारी से मुलाकात की। प्रतिनिधियों ने शिक्षकों के कार्यों में विलंब एवं लेट लतीफी पर आक्रोश व्यक्त किया और कहा कि बगैर किसी यथोचित कारण के नव नियुक्त शिक्षकों का वेतन रोका जा रहा है और समय से शिक्षकों का वेतन भुगतान नहीं हो रहा है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रवीण तिवारी, मंत्री शिशुपाल यादव, दिनेश प्रधान, मंडलीय मंत्री मिलन किशोर गुप्ता, अध्यक्ष नरेंद्र पस्तोर, केके बाजपेयी, विजयकांत अवस्थी, अरुण लिटौरिया आदि मौजूद रहे।