झांसी। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में होगा। शिविर में दान किए खून को रक्तकोष में रखा जाएगा, जो जरूरतमंदों को दिया जाएगा। खून की कमी से किसी की जान न जाए, इसके लिए आप भी आगे आइये।
रक्तदान एक जीवन प्रदान करने वाली गतिविधि होती है, तभी रक्तदान को महादान माना जाता है। आपके रक्त की हर बूंद का कतरा किसी के जीवन का स्रोत बन सकता है। रक्त की कमी से किसी की जान न जाए, इसके लिए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदान दिवस पर प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। इस साल भी शिविर का आयोजन 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस पर किया जा रहा है। इस मौके पर रक्तदान करने के लिए तैयार रहिए और अपने रक्त से किसी की जान बचाइए।
रक्तदान के लिए आगे आए ये महादानी
14 जून को रक्तदान करने वालों की संख्या लगातार आगे बढ़ती जा रही है। लोग स्वेच्छा से किसी का जीवन बचाने के जज्बे के साथ रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं। इसके अलावा कई समाजसेवी संस्थाओं ने भी रक्तदान का संकल्प लिया है।