झांसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने का कार्यक्रम तय होने के साथ ही महानगर के विकास ने रफ्तार पकड़ ली है। महीनों से धीमी रफ्तार से चल रहीं विकास की कई परियोजनाओं को उनके अंजाम तक पहुंचाने की मियाद तय कर दी गई है। माना जा रहा है पीएम के दौर से पहले झांसी का नजारा बदला हुआ नजर आएगा।
वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मदिवस पर 19 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झांसी आएंगे। जबकि, इससे पहले दो बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का झांसी दौरा होगा। पीएम और सीएम ऑफिस से इनपुट मिलने के बाद प्रशासनिक अमला एक्शन मोड में आ गया है। महानगर की सभी प्रमुख सड़कों को नौ करोड़ रुपये से चमकाने का प्लान तैयार कर लिया है। इनमें इलाइट-सीपरी रोड, स्टेशन से चित्रा चौराहा होते हुए बीकेडी रोड, बीकेडी से खंडेराव गेट तक की सड़क व रिसाला चुंगी से इलाइट तक की सड़क को शामिल किया गया है। इन सभी सड़कों पर डामर की परत डाली जाएगी। स्ट्रीट लाइट दुरुस्त होंगी और डिवाइड रंगे-पुते और हरे-भरे नजर आएंगे।
इतना ही नहीं, स्मार्ट सिटी के तहत जारी कई कामों को पीएम के दौरे से पहले पूरा कराने की मियाद तय कर दी गई है। इसमें पानी वाली धर्मशाला और आंतिया ताल के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ लक्ष्मीताल को भी शामिल किया गया है। लक्ष्मीताल के सौंदर्यीकरण का पूरा काम 19 नवंबर तक पूरा नहीं हो पाएगा, लेकिन तय किया गया है कि पीएम के दौरे से पहले लक्ष्मीताल पर प्रवेश द्वार, फूड प्लाजा व पार्किंग स्थल का निर्माण कर लिया जाएगा।
फसाड लाइट की रोशनी से जगमगाएगा किला
झांसी। झांसी का किला रात में भी दूर से नजर आएगा। इसके चारों ओर फसाड लाइट लगाई जा रही हैं। ये काम भी 19 नवंबर से पहले पूरा कर लिया जाएगा। चूंकि, प्रधानमंत्री झांसी दौरे के दौरान किले में जाएंगे और किले के मैदान से ही जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसे में इन दिनों प्रशासन का पूरा फोकस किला और उसके इर्दगिर्द की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर है। यह काम यहां तेजी से जारी है।