झांसी में स्वास्थ्य मेले से लौटकर अपने मायके जा रही आशा बहू को एक ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कचहरी चौराहे पर सड़क पार करते समय हादसा हुआ। ट्रक को चालक समेत पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है।
सदर बाजार थाना इलाके के सिमराहा निवासी बृजनंदन पाल की पत्नी खेमा पाल (40) आशा बहू थीं। गुरुवार को वे स्वास्थ्य मेले में शामिल होने बड़ागांव गई हुई थीं। उनके साथ गांव की ही एक अन्य आशा बहू पुष्पा राय भी थीं। दोनों शाम तकरीबन चार बजे बड़ागांव से लौटकर कचहरी चौराहे पर ऑटो से उतरीं। पुष्पा अपने घर चली गईं, जबकि खेमा पाल फूटा चौपड़ा स्थित मायके के लिए निकल दी। वह सड़क पार कर ही रही थी कि गोविंद चौराहे की ओर से आ रहे एक ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह देखते ही वहां आसपास भीड़ जमा हो गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। चौराहे पर मौजूद होमगार्ड के जवानों ने ट्रक को ड्राइवर समेत पकड़ लिया और उसे नवाबाद थाने ले जाया गया। मृतका के दो बच्चे हैं। पुत्री रचना की शादी हो चुकी है। इसके अलावा एक पुत्र सौरभ है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।