झांसी के एरच इलाके में पारिवारिक विवाद के बाद नाराज होकर विवाहिता ने जहर खा लिया। मेडिकल कॉलेज में उसे भर्ती कराया था। यहां मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराकर पुलिस ने उसका शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस के मुताबिक थाना एरच के सलेमा गांव निवासी राममिलन (25) पत्नी वंदना के साथ बिहार के भागलपुर इलाके में ठेला लगाता है। अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए वह पत्नी और बच्चों को लेकर गांव आया था। 20 मई को विदा की रस्म पूरी हो गई। परिजनों का कहना है कि 21 मई को परिवार के लोगों का आपसी विवाद हो गया। वंदना को पति राम मिलन ने काफी फटकारा। इससे वंदना नाराज होकर अपने कमरे में चली गई।
दूसरे दिन जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई, तब राम मिलन उसे जगाने पहुंचा। यहां बिस्तर पर वंदना अचेत पड़ी थी। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए। उसे लेकर वह लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे। यहां उसे भर्ती कर लिया गया। कई दिन के उपचार के बाद भी जान नहीं बचाई जा सकी। मंगलवार को वंदना की मौत हो गई।