झांसी। जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हाईटेक हो गईं हैं। वे अब स्मार्ट फोन से बच्चों का ब्योरा तैयार करेंगीं। इसके लिए जिले की सभी 1044 आंगनबाड़ी को स्मार्ट फोन बांट दिए गए हैं।
बाल विकास परियोजना विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन दे दिए हैं। अब इनकी सहायता से आंगनबाड़ी को पोषाहार बांटने का विवरण दर्ज कराना है। पूरा विवरण ऑनलाइन रहेगा। मोबाइल के माध्यम से बच्चों के वजन की जानकारी, उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की जानकारी प्रशासन के पास समय से पहुंचेगी। इससे पारदर्शिता से कार्य होगा। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए पोषाहार ट्रैकर एप के माध्यम से सभी आंगनबाड़ी बच्चों का पूरा ब्योरा रखेंगी। सभी बच्चों का नियमित वजन किया जाएगा। इससे पता चलता रहेगा कि कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में कोई सुधार हो रहा है या नहीं। इसके अलावा बच्चों के टीकाकरण में सहूलियत मिल जाएगी। मोबाइल में टीकाकरण का एलर्ट जारी किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी को मोबाइल फोन देकर शासन ने बेहतर व्यवस्था की है। सभी को मोबाइल फोन बांट दिए गए हैं। अब बच्चों के वजन की नियमित जानकारी हो सकेगी और टीकाकरण भी नियमित होने लगेगा।