झांसी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत रविवार को मुफ्त राशन का वितरण शुरू हुआ। कार्डधारकों को राशन के साथ नमक, तेल और दाल का भी मुफ्त वितरण किया गया। इस दौरान राशन की दुकानों पर दिन भर उपभोक्ताओं की कतारें लगी रहीं।
जिले में 3,43,004 पात्र गृहस्थी के राशन कार्डधारक हैं, जबकि 45,830 अंत्योदय कार्डधारक हैं। इन सभी के लिए रविवार से राशन का वितरण शुरू हुआ। पहले दिन कोटे की दुकानों पर भारी संख्या में कार्डधारक पहुंचे। सुबह से ही लोगों की भीड़ बनी रही। जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, महापौर रामतीर्थ सिंघल समेत विधायक रवि शर्मा, राजीव सिंह पारीछा, जवाहर लाल राजपूत व बिहारी लाल आर्य ने अपने-अपने क्षेत्रों में राशन की दुकानों पर पहुंचकर उपभोक्ताओं को राशन की किट प्रदान कीं।
इसके अलावा भाजपा के अन्य पदाधिकारियों ने भी राशन वितरण में सहयोग किया। हालांकि, राशन वितरण के दौरान ज्यादातर जगहों पर कोविड प्रोटोकॉल नजर नहीं आया। उपभोक्ता न मास्क लगाए थे और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे थे।