संवाद न्यूज एजेंसी
मऊरानीपुर। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की अपर निदेशक डॉ. सुमन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, ओटी कक्ष, प्रसव कक्ष, ओपीडी कक्ष, औषधि भंडार कक्ष, जांच लैब आदि की व्यवस्थाओं को देखा। सफाई कर्मी न होने की वजह से कुछ स्थानों पर गंदगी नजर आई। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरजे सिंह ने बताया कि अस्पताल में तैनात कनिष्ठ सहायक प्रशांत गुप्ता पिछले एक वर्ष से अनुपस्थित चल रहे हैं। इसके लिए कई बार अधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के डॉ. सनत राजपूत भी एक माह से अनुपस्थित हैं। अपर निदेशक ने कहा कि अनुपस्थित चल रहे चिकित्सक व लिपिक की जानकारी शासन को दी जाएगी। शासन से मऊरानीपुर अस्पताल के लिए हड्डी लोग विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। चिकित्सा अधीक्षक ने सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति किए जाने की मांग की।
इस मौके पर एसके धमैनिया, रामनिवास पांडेय, संजीव वर्मा, डॉ. रविंद्र गुप्ता, प्रवीण, राममोहन आदि मौजूद रहे।
0000000
टीम ने परखी सफाई व्यवस्था
भंडरा / खिलारा। स्वास्थ्य विभाग की मंडलीय टीम ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत खिलारा सहित क्षेत्र के कई गांवों में स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घाटकोटरा, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, कचरा निस्तारण आदि की व्यवस्था देखी। ग्राम घाटकोटरा के स्वास्थ्य उप केंद्र में टीम ने दवा उपलब्धता, टीकाकरण रजिस्टर, सफाई व्यवस्था देखी। ग्रामीणों से संवाद कर स्वच्छता के प्रति उनकी जागरुकता का आकलन किया। संवाद