झांसी। ककरबई के डुमरई इलाके में 17 मई को युवक की हत्या का वांछित आरोपी बृहस्पतिवार देर-रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है।
एसपी (आरए) नैपाल सिंह के मुताबिक ककरबई पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात मछली कांच तिराहे पर एक बाइक सवार को रोकने की कोशिश की। इस पर बाइक सवार गाड़ी लेकर भागने लगा। पुलिस के पीछा करने पर उसने पिस्टल से पुलिस टीम पर फायर झोंक दी। पुलिस टीम की जवाबी फायरिंग में एक गोली उसके बाएं पैर में लग गई। पूछताछ में उसने अपना नाम सुनील (36) पुत्र बृजभान सिंह निवासी डुमरई बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह मछली कांच से अपने गांव जा रहा था। ककरबई पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पुरानी रंजिश में 17 मई को डुमरई गांव में दोस्त लखन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने उसके पास से 32 बोर की पिस्टल समेत दो कारतूस बरामद किए हैं।
लूडो खेलने के दौरान झगड़े से पनपी थी रंजिश
हत्यारोपी सुनील एवं लखन सिंह परिहार आपस में दोस्त थे लेकिन, पिछले साल जुलाई महीने में दोनों के बीच लूडो खेलने के दौरान विवाद हो गया था। उस दौरान लखन ने सुनील को अपने भाई के साथ मिलकर जमकर पीटा था। इसके बाद से ही सुनील के मन में लखन के लिए खुन्नस पैदा हो गई। दोनों में बोलचाल भी बंद हो गई। 17 मई रात करीब नौ बजे लखन पड़ोस में किराना की दुकान में गुटखा खरीदने गया था। उसी दौरान सुनील ने पिस्टल से लखन को गोली मार दी।