झांसी। बबीना के झांसी-ललितपुर मार्ग में तेज रफ्तार ट्रक बृहस्पतिवार देर-रात पुल की रेलिंग तोड़ते हुए बेतवा नदी मेें जा गिरा। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह नदी के अंदर से ड्राइवर एवं खलासी को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर ड्राइवर की मौत हो गई।
बबीना पुलिस केे मुताबिक लक्खा सिंह (40) पुत्र इंद्रजीत फिरोजाबाद के थाना रसूलाबाद के प्रेमनगर इलाके का रहने वाला था। बुधवार को वह नोएडा के सूरजपुर इलाके से ट्रक में गाड़ियों के कल-पुर्जें लादकर चेन्नई पहुंचाने के लिए निकला था। उसके साथ खलासी रिकूं (32) भी था। रात करीब बारह बजे झांसी-ललितपुर मार्ग से होता हुआ ट्रक जैसे ही बेतवा नदी पर बने पुल पर पहुंचा, तेज रफ्तार में होने से वह अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नीचे नदी में जा गिरा। देर-रात घायलों को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। ट्रक चालक लक्खा को सिर, सीने एवं पांव में गहरी चोट आ गई थी। उपचार के दौरान शुक्रवार दोपहर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।